संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय पीजी परीक्षाओं को लेकर तैयारियों में जुटा है। 15 सितंबर से शुरू होने वाली परीक्षाओं में करीब 60 हजार छात्र परीक्षाएं देंगे। इस संबंध में एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक जेएस नेगी का कहना है कि प्रदेशभर में 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्न-पत्र और आंसर शीट्स भेज दिए गए है। अब बस केवल परीक्षा केंद्रों में एग्जाम ड्यूटी लगाना बाकी है। जल्द ही इस विषय पर काम किया जाएगा।
कोरोना महामारी को देखते हुए जिस तरह यूजी की परीक्षाओं में सोशल डिस्टेंस व अन्य सावधानियों के तहत एग्जाम करवाए जा रहे हैं, ठीक उसी तरह पीजी के छात्रों की भी परीक्षाएं करवाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को घर के नजदीकी परीक्षा केंद्र में पेपर देने की सुविधा दी गई है। पीजी परीक्षाओं में सबसे ज्यादा परेशानी बाहरी राज्यों और हिमाचल के दूर-दराज रह रहे छात्रों को होंगी।
वहीं परीक्षा केंद्र आसपास न होने के कारण कई छात्रों को शिमला आना पड़ेगा। साथ ही उनके लिए यहां ठहरना सबसे बड़ी परेशानी होगी क्योंकि हॉस्टल खोलने पर प्रशासन ने अब तक कोई फैसला नहीं लिया है। हिमाचल से बाहर कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। जल्द फैसला नहीं लिया गया तो कई जिलों के दुर्गम इलाकों के छात्रों को बड़ी परेशानी का सामना करना होगा।
परीक्षा नियंत्रक जेएस नेगी का कहना है कि विवि के उच्चाधिकारी इस संबंध में जल्द फैसला लेंगे। पीजी डिग्री के अलावा डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स की सेमेस्टर परीक्षाएं भी होनी हैं। 10 पीजी कोर्स का परीक्षा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। जिन छात्रों को हॉस्टल अलॉट हुआ है, उनमें संशय बना हुआ है।



