खबरनाउ ब्यूरो: शीतकालीन सत्र के 5वें दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद में नव निर्वाचित सांसद डिंपल यादव को शपथ दिलाई। कार्यवाई शुरू होने के बाद संसद में देश की अर्थव्यवस्था को लेकर तीखी बहस हुई। विपक्ष ने डॉलर के मुकाबले गिरते रुपए को लेकर सवाल किए। इस पर वित्तमंत्री ने कहा कि संसद में कुछ लोग देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलते हैं। भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, लेकिन विपक्ष को इससे परेशानी है।
जानकारी मुताबिक लोकसभा में आज मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी अमेंडमेंट बिल (Multi State Co-operative Society Amendment Bill) पास हो सकता है। वहीं एनर्जी कन्जर्वेशन अमेंडमेंट बिल (The Energy Conservation Amendment Bill) पर भी राज्य सभा में चर्चा हो सकती है। देश की विदेश नीति पर बनी संसदीय समिति की रिपोर्ट को भी पेश किया जाएगा। वहीं जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा SC/ST संशोधन 2022 बिल करेंगे। यह बिल उत्तरप्रदेश के कुछ जिलों में गोंडों और संबंधित जनजातियों को ST में शामिल करने के लिए संशोधन की मांग करता है। दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में एक प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया है। यह बिल इलेक्शन कमीशन की स्वतंत्रता और स्वायत्तता पर बढ़ती चिंता पर है। बिल में इलेक्शन कमीशन को और भी ज्यादा पावर देने की बात कही गई है। इसमें हाई लेवल कमेटी बनाने की मांग की गई है, जो कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विपक्ष के नेता, CJI मिलकर मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करेंगे।
इसके अलावा लोकसभा में आज एंटी मैरीटाइम पाइरेसी बिल, 2019 (Anti-Maritime Piracy Bill-2019) भी पेश किया जाएगा जिसे विदेश मंत्री एस. जयशंकर पेश करेंगे। बता दें कि 7 दिसम्बर से शुरू हुआ शीतकालीन सत्र 17 दिनों तक चलेगा। इस दौरान सरकार संसद में 16 बिल पेश करेगी।


