संवाददाता/नई दिल्ली : भारत और चीन के बीच चल रहे गतिरोध के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने आज 118 एप पर बैन लगा दिया है। जिनमें गेमिंग एप पबजी भी शामिल है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फ़ॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इन ऐप्स को इसलिए बैन किया गया है, क्योंकि यह सभी एप भारत की संप्रभुता और अखंडता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए प्रतिकूल हैं
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया की इस क़दम से भारत के करोड़ों मोबाइल और इंटरनेट यूज़र्स के हितों की रक्षा होगी। यह फ़ैसला भारत के साइबर स्पेस की सुरक्षा और संप्रभुता को सुनिश्चित करने के इरादे से लिया गया है। बयान के अनुसार भारत सरकरा को इन ऐप्स के बारे में विभिन्न स्रोतों से शिकायतें मिल रही थी।
जिनमें ऐसी रिपोर्टें भी थी कि एंड्रॉयड और आइओएस पर उपलब्ध कुछ मोबाइल ऐप्स से यूज़र्स के डेटा अनाधिकृत तौर पर चोरी कर भारत से बाहर स्थित सर्वर में भेजे जा रहे थे। चीन के 118 ऐप्स को बैन करने का फ़ैसला ऐसे समय में लिया गया है जब भारत और चीन के बीच एक बार फिर से लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा या एलएसी पर दोनों देशों के बीच तनाव की ख़बरें आ रही हैं।








