ब्यूरो,खबरनाउ: नववर्ष के जश्न के लिए मनाली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। पर्यटन कारोबारियों ने भी सैलानियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। नववर्ष पर 31 दिसंबर की रात मनाली में धमाल मचेगा। कहीं डीजे पर सैलानियों के कदम थिरकेंगे तो कहीं कुल्लवी नाटी में कदम से कदम मिलाए जाएंगे। हिमाचल व्यंजनों का भी पर्यटक लुत्फ ले सकेंगे। बोन फायर और लाइव म्यूजिक की भी कई जगह व्यवस्था की गई है। पर्यटन निगम के क्लब हाऊस में मनाली क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। पर्यटन निगम हर साल की भांति इस वर्ष भी क्लब हाउस में पर्यटकों के लिए कई आकर्षक प्रतियोगिताएं करवा रहा है। देश के कोने-कोने से पर्यटक नए साल का जश्न मनाने के लिए मनाली पहुंचेंगे। मनाली में 31 दिसंबर को रिकॉर्ड भीड़ जुटने की उम्मीद है। लिहाजा, होटलों में लाइव डीजे के साथ ही कुल्लवी नाटी व अन्य कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
नवविवाहित दंपतियों के लिए लेमन डांस, पेपर डांस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। मनाली के क्लब हाउस में पर्यटन निगम ऐसी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। इसमें मनाली क्वीन का चयन आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां बेस्ट कपल, बेस्ट डासिंग कपल, लेमन डांस, पेपर डांस आदि प्रतियोगिताओं में विजेता रहने वाले पर्यटकों को निगम की ओर से उपहार भी भेंट किए जाएंगे। कुल्लवी नाटी से पर्यटकों का स्वागत करने के बाद मनाली क्वीन प्रतियोगिता होगी। उधर, निजी होटलियरों ने भी नववर्ष के जश्न की तैयारियां शुरू कर दी हैं। होटलियर एसोसिएशन के चीफ पेटर्न गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि नववर्ष पर होटलों में खास प्रबंध रहेंगे। पर्यटन निगम के उप महाप्रबंधक बीएस औक्टा ने बताया कि निगम के होटलों में नववर्ष पर खास इंतजाम किए जा रहे हैं। कुंजम होटल में एक सप्ताह तक डीजे का प्रबंध किया जाएगा। क्लब हाउस में 31 दिसंबर को मनाली क्वीन चुनी जाएगी। होटल ऐपल कंटरी के महाप्रबंधक अश्वनी शर्मा ने बताया कि नववर्ष पर होटल में पर्यटकों के लिए डीजे का प्रबंध रहेगा। पर्यटकों की कई प्रतियोगिताएं भी इस अवसर पर आयोजित की जाएंगी।


