ब्यूरो,खबरनाउ: जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत फिंडरू की महिलाओं ने अनूठी पहल की है। महिलाओं ने घाटी में ठांगी के पौधों के संरक्षण का बीड़ा उठाते हुए पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है। महिलाओं द्वारा जगह-जगह ठांगी के पौधे रोपित किए जा रहे हैं। पौधारोपण की शुरुआत मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह से हुई। इसमें महिलाओं सहित स्वयंसेवियों, ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने पौधारोपण की शपथ ली। इसके उपरांत स्वयंसेवी संगठन सेवा के साथ मिलकर ठांगी के 500 पौधे रोपित किए गए। यह पौधारोपण राजकीय उच्च विद्यालय फिंडरू के आस-पास के क्षेत्रों में किया गया। सेवा संस्था ने निदेशक डा. हरीश शर्मा ने कहा कि वन संपदा को बचाने के लिए जनजातीय समुदाय की महिलाओं ने संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने कहा कि पांगी घाटी जैविक उत्पादों के लिए देश व विदेश में प्रसिद्ध है।
ठांगी ने घाटी के लोगों की आर्थिकी सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन अब समय के साथ-साथ ठांगी के पौधे घाटी में विलुप्त होते जा रहे हैं। इसलिए संस्था की ओर से ठांगी के पौधों को रोपित करने के लिए यह अभियान आरंभ किया गया हैं। संस्था द्वारा दो वर्ष पूर्व ठांगी की नर्सरी तैयार कर मौसम की विपरीत परिस्थितियों में असंभव नजर आने वाले कार्य को संभव कर दिखाया था। उन्होंने कहा कि अब संस्था ने स्थानीय महिलाओं व बुद्धिजीवियों के सहयोग से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है। इस मौके पर सेवानिवृत्त कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरणविद, पंचायत प्रतिनिधि व महिला मंडल प्रधान आदि मौजूद रहे।