संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि राज्य सरकार 7 सितंबर से शुरू होने जा रहे मॉनसून सत्र में जोरदार तैयारी के साथ जाएगी और हर सवाल का जबाव देगी। यह बात उन्होंने आज मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सर्किट हाउस मंडी में लोगों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया।
वहीं उन्होंने मंडी के दोनों संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें की और पार्टी कार्यकर्ताओं के सुझावों औऱ शिकायतों को सुना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला में पिछले कल बल्ह मंडल भाजपा का मंडल मिलन समारोह हुआ था जिसके बाद आज मंडी के दोनों संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें हुई हैं।
संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के सुझाव अमूल्य होते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं ने जो सुझाव दिए हैं उन पर विचार किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार और संगठन पूरे तालमेल के साथ काम कर रहे हैं और दोनों की मजबूत स्थिति में हैं।







