खबरनाउ ब्यूरो: सतलुज-यमुना लिंक (एस.वाई.एल) का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को जनवरी में बैंठक के लिए बुलाया है। जानकारी मुताबिक यह बैठक 4 जनवरी को बुलाई गई है।
बता दें कि इससे पहले भी दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री 15 अक्तूबर को मिल चुके है पर बैठक फिर से बेनतीजा ही रही। अब यह कोशिश केंद्रीय मंत्री द्वारा की जाएगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री 15 अक्तूबर को हरियाणा निवास में मिले थे। यहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया था कि राज्य के पास किसी भी दूसरे राज्य को देने के लिए एक बूंद भी पानी नहीं है। सीएम मान का कहना था कि 1981 में जब एसवाईएल के जरिये पानी देने का समझौता हुआ, उस समय पंजाब के पास 18.56 मिलियन एकड़ फीट पानी था और अब 12.63 एमएएफ है। उस समय के समझौते को अब लागू नहीं किया जा सकता है। वहीं हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने बैठक के बाद पंजाब सरकार के अड़ियल रवैये पर सवाल उठाया था। बहरहाल जनवरी में प्रस्तावित बैठक में कोई हल निकल पाटा है या नहीं, यह तो वक़्त कि बताएगा।


