फिल्मों को समाज का दर्पण कहा जाता है और भारतीय फिल्म जगत ने भी समाज के कई पहलुओं को अपने-अपने अंदाज में पर्दे पर उभारा. पिछले कुछ वक्त से भारतीय फिल्मों में भी बायोपिक का खूब चलन चला आ रहा है. फिल्म सेलिब्रिटी से लेकर खिलाड़ियों और नेताओं के जीवन पर भी फिल्में बन चुकी है. अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार पर बनी फिल्म भी जल्द ही पर्दे पर नजर आ सकती है.
केशव बलिराम हेडगेवार पेशे से डॉक्टर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रणेता रहे. उनका जीवन बहुत से लोगों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है. ऐसे में उनके जीवन को पर्दे पर उतारने की कोशिश की जा रही है. बॉलीवुड में उनके जीवन पर यह पहली फिल्म बनने जा रही है और इस बायोपिक फिल्म की शूटिंग 15 जनवरी से नागपुर में शुरू भी हो गई है.
डॉ. हेडगेवार पर बनने जा रही फिल्म की घोषणा अक्षय शेट्टी मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा की गई थी. अब इस फिल्म को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. फिल्म का निर्माण जयानंद शेट्टी के प्रोडक्शन तले होगा और फिल्म का निर्देशन सनी मंडावरा द्वारा किया जाएगा. फिल्म तीन अलग-अलग भाषाओं हिंदी, मराठी और अंग्रेजी में बनाई जाएगी. फिल्म का लेखन मकरंद सावंत द्वारा किया गया है और महाराष्ट्र के नागपुर से फ़िल्म को शुरुआत कर दी गई है. फिल्म को लेकर प्रोड्यूसर जयानंद शेट्टी और निर्देशक सनी मंडावरा ने महाराष्ट्र के राज्यपाल से राजभवन में मुलाकात भी की.
गीतकार अनूप जलोटा, सुरेश वाडेकर, शंकर महादेवन, अरुण बक्शी, जसवीर सिंह, डॉ. राहुल जोशी, एल नितेश कुमार अमित मुर्तजा गीतों को अपनी आवाज़ देंगे. सभी गानों का संगीत डॉ. संजयराज गौरीनंदन द्वारा निर्देशित किया गया है. विजय लाडेकर प्रोग्रामिंग, सचिन सतीश तबला ढोलक पर रहेंगे. फिल्म का टाइटल ट्रैक सौरभ भारत ने लिखा है जिसको शंकर महादेवन ने अपनी आवाज़ दी है. बाकी गानों के बोल शिवपूजन पटवा, संदीप शांताराम, सूरज उज्जैनी ने लिखा है. सौरभ भारत इससे पहले भी कई गीत लिख चुके हैं.
फिल्म के निर्माता जयानंद शेट्टी कहते हैं, “डॉ. केबी हेडगेवार दूरदर्शी थे. वह क्रांति के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे. हमारी फिल्म उनकी यात्रा, उनके संघर्षों और उनके आंदोलनों के लिए एक श्रद्धांजलि है. उनकी दूरदर्शिता और क्षमता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आज आरएसएस दुनिया के सबसे बड़े सामाजिक संगठनों में से एक है. डॉ. हेडगेवार भारत के राष्ट्रवादी आंदोलन में एक बहुत सम्मानित व्यक्ति हैं.”
फ़िल्म के निर्देशक सनी मंडावरा का कहना है “ब्रिटिश शासन के ख़िलाफ़ लड़ाई में हेडगेवार सबसे आगे थे. वह हमारी स्वतंत्रता का कारण है. उन पर अब तक किसी ने फिल्म नहीं बनाई है. यह समय है कि हम लोगों को मुक्ति की लड़ाई में उनकी भूमिका के बारे में शिक्षित करें.”
पद्म श्री अनूप जलोटा और अरुण बक्शी कहते हैं, “हम इस फिल्म से जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं. यह एक अद्भुत विषय है. लोगों, विशेषकर हमारे युवाओं को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति जागरूक होना चाहिए.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और हेडगेवार के जीवन पर फिल्म जगत में अभी ढेर सारी संभावनाएं हैं. लिहाजा संघ के विभिन्न अवनीत पहलुओं को भी पर्दे पर उतारने की कोशिश हो रही है. तेलुगू लेखक और बाहुबली फिल्म की पटकथा लिखने वाले वी. विजेंद्र प्रसाद भी केवीएसआर सिद्धार्था कॉलेज के एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और डॉ. हेडगेवार के जीवन पर फिल्मी वेब सीरीज के लिए कहानी लिखने की बात पहले ही कह चुके हैं.

