संवाददाता, शिमला। एक बार फिर हिमाचल के पहाड़ और यहां का सुहावना मौसम सैलानियों को अपनी ओर खींचने लगा है। कोरोना संकट में सीमित पर्यटक अब हिमाचल में सैर-सपाटे को तैयार दिख रहे हैं। महामारी की बंदिशों में महीनों बाद मिली ढील का फायदा उठाकर पर्यटक देवभूमि का रुख करने लगे हैं। पहाड़ो की रानी शिमला में दिखने लगी सैलानियों की रौनक इस ओर साफ इशारा कर रही है।
पर्यटकों की बढ़ती तादात को देखते हुए शहर में करीब 20 फीसदी छोटे होटल खुल चुके हैं। वहीं बड़े होटलों को खोलने की तैयारी है। शिमला के साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, नालदेहरा, मशोबरा में भी सैलानियों की रौनक शुरू हो गई है। बाहरी क्षेत्रों से आ रहे सैलानी शिमला और आसपास के होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों में ठहर रहे हैं। बड़ी संख्या में ट्रैकिंग के लिए भी टूरिस्ट शिमला पहुंच रहे हैं। शिमला के साथ लगते पर्यटन स्थल चायल का भी टूरिस्ट रुख कर रहे हैं।
हालांकि, शिमला की तर्ज पर इन जिलों में पर्यटकों की कमी है। इन जिलों में पूछताछ के लिए पर्यटकों की इन्क्वॉयरी कॉल्स में तेजी से इजाफा हो रहा है। कोरोना संक्रमण फैलने के करीब पांच महीने बाद शिमला के पर्यटन स्थलों पर एक बार फिर सैलानियों की आवाजाही शुरू हुई है। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। कुल्लू, चंबा, मंडी, सोलन और कांगड़ा जिलों में भी सैलानी दस्तक देने लगे हैं।

