ब्यूरो,खबरनाउ: गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार की तरफ से 26 जनवरी को मंडी जिले के किसान नेक राम शर्मा को कृषि, विशेष रूप से जैविक खेती के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवा के लिए प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.
हिमाचल प्रदेश के एकमात्र पद्म पुरस्कार विजेता शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया है उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि उन्हें आज तक कोई अवार्ड नहीं मिला और न ही आज तक नौकरी मिल पाई. लेकिन उन्होंने अपनी पारंपरिक खेती के क्षेत्र में ही कार्य किया, जिसके लिए उन्हें अब भारत सरकार की ओर से अवार्ड दिया जा रहा है. जिसकी उन्हें बेहद खुशी है. उन्होंने बताया कि नौ अनाज एक प्राकृतिक अंतर फसल विधि है, जिसमें नौ खाद्यान्न बिना किसी रासायनिक उपयोग के जमीन के एक ही टुकड़े पर उगाए जाते हैं. इससे पानी के उपयोग में 50 फीसदी की कटौती और भूमि की उर्वरता बढ़ती है.
उन्होंने अन्य किसानों को भी इस प्रणाली को अपनाने के लिए प्रेरित किया है. साथ ही स्थानीय स्वदेशी बीजों का उत्पादन कर नेक राम छह राज्यों में 10,000 से अधिक किसानों को बिना किसी शुल्क के वितरित कर रहे हैं. नेकराम शर्मा ने बताया कि आज के समय में खाने में कई प्रकार के रसायनों का प्रयोग हो रहा है, जिससे लोग बीमार होते जा रहे हैं.उन्होंने कहा कि हमें स्वस्थ रहना है तो हमें जहर मुक्त खेती अपनानी होगी.
उन्होंने सभी किसानों से ज्यादा से ज्यादा प्राकृतिक खेती करने और इससे होने वाली उपज का ही सेवन करने का आह्वान किया है. नेक राम ने कहा कि खेती ही एक ऐसा साधन है जो कि कई पीढ़ियों को रोजगार प्रदान करेगा.
