पूनम मेहता, शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौरी सेब के दाम में लगातार गिरावट हो रही है। अगस्त में प्रति पेटी दाम 33 सौ रुपये तक मिल रहा था। सितंबर में यह दाम 2100 रुपये तक पहुंच गया हैं। किन्नौर जिले के कल्पा, निचार और पूह के निचले क्षेत्रों से अब तक 1 लाख 6 हजार 85 सेब की पेटियां देश की विभिन्न मंडियों में भेजी जा चुकी हैं। अगस्त माह में किन्नौर के बागवानों को प्रति पेटी अधिकतम दाम 3300 तक मिले हैं।
सितंबर माह में बागवानों को प्रति पेटी के 2100 तक दाम मिल रहे हैं। ऐसे में जिले के बागवानों की चिंता बढ़ गई है कि वे सेब सीधे बेचें या फिर स्टोर करें। वहीं जिले के बागवानों का कहना है की 13 अगस्त को सकारलैट किस्म की प्रति पेटी 3300 रुपये के हिसाब से नारकंडा मंडी में बेची है। अब बागवानों को इतने दाम नहीं मिल रहे हैं। बागवानों को उनकी फसलों के उचित दाम मिलना चाहिए।
जिले के निचार खंड से 76558, कल्पा खंड से 27478, जबकि पूह खंड से 2049 सेब की पेटियां शिमला जिले के बिथल, सैंज, मतियाना, नारकंडा, खेकसू, शिमला, सोलन, चंडीगढ़, दिल्ली, मुंबई, परवाणु सहित देश की विभिन्न मंडियों में भेजी गई हैं। उपनिदेशक उद्यान विभाग किन्नौर डॉ. हेमचंद शर्मा ने कहा कि इस वर्ष अब तक जिले से एक लाख पेटियों भेजी जा चुकी हैं। वहीं इस वर्ष जिला से 32 लाख से अधिक सेब पेटियां उत्पादन होने की उम्मीद है।


