शिमला: शनिवार, दिनांक 23/12/2023 को राजकीय नेहरु संस्कृत महाविद्यालय फागली में रेड रिबन क्लब ने महाविद्यालय के समस्त छात्रों के साथ HIV जागरूकता रैली निकाली। इसी जागरूकता अभियान के तहत महाविद्यालय में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ मुकेश शर्मा जी के दिशानिर्देश के आधार पर फागली, नाभा तथा इसके साथ लगते क्षेत्र 103 तक रैली निकाली गई। सबसे पहले रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ सुनील दत्त ने छात्रों को इस गंभीर बीमारी से अवगत करवाया, उन्होंने कहा कि HIV/AIDS एक ऐसा संक्रमण है जो किसी भी व्यक्ति के शरीर में प्रवेश करके उसकी रोगप्रतिरोधक क्षमता को समाप्त कर देता है, उसके बाद वह एक गंभीर बीमारी का शिकार हो जाता है। यह एक असाध्य रोग है, जिसकी दवा अभी तक विश्व के किसी भी देश के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि हम इस रैली के माध्यम से समाज में यह संदेश देना चाहते है की हमे इस गंभीर बीमारी के प्रति सजग और सावधान रहना चाहिए। साथ ही रैली के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया की यदि हमारे आस पास, समाज, पड़ोस में कोई व्यक्ति HIV से ग्रसित है तो हमे उससे घृणा नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह बीमारी साथ रहने से, साथ खाने से, हाथ मिलाने से नही होती है। इसलिए ऐसे व्यक्ति के साथ सामान्य व्यवहार करना चाहिए। इस रैली का मुख्य उद्देश्य छात्रों को HIV के विषय में जानकारी देना तथा उन्हें जागरूक करना था। महाविद्यालय के सभी छात्रों ने इस रैली में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। महाविद्यालय में रेड रिबन क्लब वर्ष 2017 से ऐसे कार्यक्रम करवाता आ रहा है। रेड रिबन क्लब के सदस्य छात्र चैतन्य शर्मा, ओजस्वी शर्मा, हनीश शर्मा की इस कार्यक्रम के संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका रही। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पुरुषोत्तम सिंह, डॉ. दिनेश शर्मा, प्रो. पूजा, डॉ. रोहिणी चौहान, प्रो.सुमन लता और महाविद्यालय NSS संयोजक डॉ. दिनेश कुमार शर्मा तथा सभी राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवको ने इस रैली में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। रैली के बाद सभी छात्रों को जलपान भी करवाया गया। तत्पश्चात महाविद्यालय में कक्षाएं सुचारू रूप से चलती रहीं।

