स्पेशल डेस्क : हिमाचल प्रदेश में स्थित अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन से पहले इसे अंतिम रूप देने की तैयारियां जोरों पर चल रही है। पीएम मोदी के 29 सितंबर को प्रस्तावित दौरे और उद्घाटन से पहले बीआरओ की टीमें दिन रात इसे फाइनल टच देने के लिए लगी हुई हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी विशेष वाहन से नौ किलोमीटर लंबी अटल टनल रोहतांग को अंदर से निहारेंगे। वह कुल्लवी और सुरंग पार करते ही लाहुली संस्कृति से रूबरू होंगे। रोहतांग टनल को बनाने में दस साल लग गए है।
टनल की वजह से अब लद्दाख सालभर पूरी तरह से जुड़ा रहेगा। साथ ही मनाली से लेह के बीच करीब 46 किलोमीटर की दूरी कम हो गई है। टनल का नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। टनल के बनने से सबसे ज्यादा फायदा लद्दाख में तैनात भारतीय फौजियों को होगा। क्योंकि इसके चलते सर्दियों में भी हथियार और रसद की आपूर्ति आसानी से हो सकेगी।

