धर्मशाला: शुक्रवार 1 मार्च 2024 को धर्मशाला में “इंडीस्पो” – इंडिया इंटरनेश्नल कॉन्फ़्रेंस एंड एक्सपो ऑन ऑउटडोर स्पोर्ट्स इक्वीपमेंट्स एंड टेक्नोलॉजी का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम में देश-विदेश से बाह्य खेल, साहसिक खेल और पर्यटन कारोबार से जुड़े कई गणमान्य लोग एवं कारोबारी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम धर्मशाला के डी पोलो होटल में आयोजित हो रहा है और यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होकर शाम 4:00 बजे तक चलेगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाह्य खेल उपकरणों में नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देना, बाह्य खेलों व साहसिक गतिविधियों को पर्यटन से जोड़कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, खेल उपकरण बनाने वाले छोटे एवं मध्यम उद्यमों के लिए बेहतर नीति, इन छोटे एवं मध्यम उद्योगों के लिए बेहतर विपणन नीति, खेल और साहसिक गतिविधियों में बेहतर सुरक्षा को बढ़ावा देना और खेल से जुड़े पर्यटन के विकास को बढ़ावा देना है।
इस कार्यक्रम में आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धुमल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और साथ ही धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के साथ साथ कई अन्य विशेषज्ञ और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन वायर ड्रॉइंग डेवलपमेंट सोसायटी भारत सरकार के लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के समर्थन से कर रहे हैं और वंडरवर्क्स के द्वारा इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है। साथ ही हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, एड्वेंचर स्पोर्ट्स फेडरेशन हिमाचल प्रदेश और साईट इंडिया भी इस कार्यक्रम के प्रायोजक हैं।

आयोजक जगदीप भल्ला ने प्रेस को जारी किए गए बयान में कहा कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा समर्थित है और इससे बाह्य खेल, साहसिक खेल और पर्यटन के क्षेत्र से जुड़े लोगों को काफी लाभ मिलेगा। यह कार्यक्रम खेल एवं पर्यटन गतिविधियों में बेहतर सुविधा और नई तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए काफी कारगर साबित होगा। इसमें खेल और पर्यटन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई कारोबारी और विशेषज्ञ शामिल होंगे और कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। यह इस कार्यक्रम का पहला संस्करण है और आने वाले समय में इस तरह के और भी कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएँगे।

