संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में शनिवार को दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिरकत की। उन्होंने पुलिस जवानों की भव्य परेड की सलामी ली। समारोह में पास आउट होने वाले 12वें बैच के तीन डीएसपी और 8वें बैच के 15 प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टरों को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह के प्रधानाचार्य आईजी अतुल फुलझेले ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
परेड में डीएसपी और पीएसआई के साथ आरटीसी प्रशिक्षण ले रहे जवानों की 16 टुकड़ियों ने भाग लिया। एक वर्ष तक चले इस प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों को आंतरिक व बाहरी विषयों का साइंटिफिक तरीके से प्रशिक्षण दिया गया। इन्हें कानून के हर उस पहलू का बारीकी से अध्ययन करवाया गया जो इन्हें अपनी नौकरी के दौरान बहुत कारगर सिद्ध होगा।
भव्य परेड का नेतृत्व परेड कमांडर के रूप में डीएसपी प्रो. प्रणव चौहान ने किया। वहीं, सेकंड इन कमांड का नेतृत्व डीएसपी देवराज ने किया। 16 टुकड़ियों में सुसज्जित भव्य परेड में 15 प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टरों ने अपनी अहम भूमिका निभाई। जवानों ने तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कमांडो दस्ते ने भी अपने करतब दिखाए।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, खेल मंत्री राकेश पठानिया, विधायक रविंद्र धीमान, मुल्क राज प्रेमी, विशाल नैहरिया, अरुण कुमार कूक्का और पीटीसी के एसपी रमेश चंद्र छाजटा, एडिशनल एसपी प्रवीण धीमान, डीएसपी व कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

