मोक्ष शर्मा/शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर परीक्षाओं के दौरान हॉस्टल खोलने का निर्णय लिया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लिया गया है ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों को दिक्कत ना झेलनी पड़े। इसके लिए एंटीबॉडी टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होगी। प्रदेश में दूसरे राज्यों के करीब 52 छात्र हैं जो परीक्षाएं देंगे। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे जिलों के विद्यार्थियों को भी विश्वविद्यालय में परीक्षाओं के दौरान हॉस्टल सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए दूरी का प्रमाण पत्र साथ लाना होगा यह प्रमाण पत्र अधिकारी से प्रमाणित भी करवाया जाना आवश्यक है। खास बात यह है कि हॉस्टल की सुविधा उसी को दी जाएगी जिसके घर की दूरी परीक्षा केंद्र से 50 किलोमीटर से अधिक होगी। हॉस्टलों में ठहरने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए मेस भी शुरू की जाएगी।
दोबारा भी होगी परीक्षा….
15 सितंबर से शुरू हो रही स्नातकोत्तर की परीक्षाओं में यदि विद्यार्थी वंचित रहता है तो विवि प्रशासन द्वारा दोबारा से परीक्षाएं आयोजित करवाई जाएंगी। इन परीक्षाओं का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।

