स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : देशभर में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद भी कई सारी परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं नीट 2020 के खिलाफ संसद के मानसून सत्र के शुरू होने से पहले आज द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के सांसदों ने परिसर में धरना दिया। इस प्रदर्शन में द्रमुक सांसद टीआर बालू, तिरुचि शिवा और कनिमोझी सहित अन्य सांसद शामिल थे।
सांसद शिवा का कहना है कि नीट उन गरीब और ग्रामीण छात्रों को अपने सपनों से वंचित करता है, जो स्कूली शिक्षा में उच्च अंक प्राप्त करते हैं। चूंकि वह कोई भी निजी कोचिंग में पढ़ने में सक्षम नहीं होते हैं इसलिए नीट परीक्षा में अच्छे नंबर प्राप्त करने में असमर्थ होते हैं। वहीं इस परीक्षा के डर से कुछ छात्रों ने तमिलनाडु में आत्महत्या कर ली है।
प्रदर्शन के वक्त नेताओं ने अपने चेहरे पर ‘बैन नीट, सेव टीएन स्टूडेंट’ का मास्क पहन रखा था। इस प्रदर्शन के दौरान द्रमुक और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने नीट के कारण 12 किशोर छात्रों की आत्महत्या’ को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया है।







