संवाददाता, शिमला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से 3 अक्तूबर को होने वाले अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण कार्यक्रम पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बातचीत की। कैबिनेट बैठक के बाद हुई इस बातचीत के दौरान पीएम ने सीएम से कार्यक्रम को छोटा करने को कहा तो सीएम ने अधिक समय देने का अनुरोध किया। इससे पहले मंत्रिमंडल की बैठक में भी मोदी के दौरे के शेड्यूल पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि हिमाचल सरकार ने पीएमओ को जो शेड्यूल दिया था, अब वह दोबारा तय हो सकता है।
सीएम जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया कि अटल टनल का उद्घाटन उनके हाथों होना हिमाचल के सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उनके हिमाचल के प्रस्तावित दौरे के प्रबंधों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस टनल के लोकार्पण के लिए अपना बहुमूल्य समय देने की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के सचिव अजय कुमार ने इस अवसर पर अटल टनल रोहतांग की विशेषताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभी तक के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने नौ बजे अटल टनल के उद्घाटन के लिए पहुंचना है। वह सासे में उतरेंगे। प्रधानमंत्री के चार स्थानों पर स्वागत की तैयारी है। इसमें भी बदलाव हो सकता है। वह उद्घाटन स्थल पर जाएंगे। सोलंग में प्रस्तावित जनसभा में केवल दो सौ लोगों के बैठने का ही प्रबंध किया गया है।
सासे में पीएम हवाई मार्ग से आएंगे तो सीएम जयराम ठाकुर, मंत्री सुरेश भारद्वाज और वीरेंद्र कंवर उनका स्वागत करेंगे। अन्य मंत्रियों की चार अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी लगाई गई हैं। पूर्व सीएम शांता कुमार और प्रेमकुमार धूमल भी उनका स्वागत करेंगे। हालांकि स्वागत का शेड्यूल अभी संशोधित होना है। इसे एसपीजी के आने के बाद पीएमओ ही फाइनल करेगा।
तीन अक्तूबर को अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन को लेकर प्रस्तावित पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए एसपीजी की टीमों रविवार से मनाली पहुंचना शुरू होंगी। टीमें मनाली में जनसभा स्थल के अलावा उन जगहों की भी रेकी करेंगी, जहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। एसपीजी की टीम अटल टनल के साउथ पोर्टल से लेकर नॉर्थ पोर्टल तक भी जाएगी। सिस्सू में प्रस्तावित जनसभा स्थल और मंच का भी निरीक्षण किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मनाली के सासे तथा लाहौल के सिस्सू, स्तींगरी तथा तांदी डाइट हेलीपैडों में पीएम के हेलीकाप्टरों की लैंडिंग का संभावनाओं को देखा जाएगा। जानकारी के अनुसार 27 से 29 सितंबर तक एसपीजी मनाली पहुंचेगी। एसपीजी मोदी की जनसभा के स्थल को भी फाइनल करेगी।
प्रशासन व बीआरओ ने मोदी की जनसभा के लिए सोलंगनाला तथा सिस्सू में तैयारियां की हैं। एसपीजी हेलीकाप्टर की लैंडिंग का सभी हेलीपैडों में ट्रायल भी करेगी। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। रात्रि गश्त के साथ बाहर से आने वालों की चेकिंग की जा रही है।

