संवाददाता,शिमला: कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों के लिए पीजी की प्रवेश परीक्षा के दौरान सीयू अलग कमरों की व्यवस्था करेगा। प्रवेश परीक्षा को केंद्रीय विवि ने प्रदेश सहित चंडीगढ़, दिल्ली और गुवाहाटी में 15 केंद्रों को चिन्हित किया है। इस दौरान सीयू में पढ़ाए जाने वाले करीब 24 विषयों के लिए 7600 के लगभग अभ्यर्थियों को सीयू प्रबंधन ने एडमिट कार्ड जारी किए हैं। यह परीक्षा 18 अक्तूबर को होगी। प्रवेश परीक्षा के लिए प्रदेश में 11 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि तीन केंद्र बाहरी राज्यों में प्रवेश परीक्षा के लिए सीयू प्रबंधन ने बनाए हैं।
जानकारी देते हुए संजीव शर्मा, परीक्षा नियंत्रक, सीयू धर्मशाला ने परीक्षा बताया के दौरान कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों के लिए अलग कमरे की व्यवस्था की जाएगी। कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
सीयू प्रबंधन के अनुसार प्रदेश में बिलासपुर, चंबा, देहरा, धर्मशाला, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर, मंडी, पालमपुर, शाहपुर और शिमला में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रबंधन ने कुछ परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की कम संख्या को देखते हुए रद्द किया है, जिनमें देहरादून, नाहन, पटना, लखनऊ, जयपुर, इंफाल और ईटानगर शामिल हैं। रद्द किए गए देहरादून और नाहन परीक्षा केंद्रों के अभ्यर्थी चंडीगढ़ में परीक्षा देंगे।
वहीं पटना, लखनऊ और जयपुर के अभ्यर्थियों के लिए दिल्ली, जबकि इंफाल और ईटानगर के अभ्यर्थियों के लिए गुवाहाटी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जम्मू में भी केंद्र बनाया गया है। सीयू प्रबंधन स्नातकोत्तर अध्ययन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 18 अक्तूबर को 15 विभिन्न केंद्रों पर लेगा। इस दौरान 7600 के करीब अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा, जबकि कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थी आने पर उन्हें अलग से बैठने की व्यवस्था की जाएगी।


