संवाददता,शिमला: कोरोना संकट काल के बीच पुलिस ने 3 युवकों से 4 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय अरीन चौहान निवासी इंदर नगर ढली, 23 वर्षीय सीधांशु गांव मेल्थी तहसील टिक्कर रोहड़ू और 19 वर्षीय क्षितिज वर्मा निवासी गांव शाहनी तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसपी शिमला प्रवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने कार सवार तीन युवकों से चिट्टे की खेप बरामद की है। उन्होंने बताया कि उक्त युवक चिट्टा कहां से लेकर आए थे और कहां ले जा रहे थे पुलिस इसकी गहनता से छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार को खत्म करने का जो बीड़ा पुलिस ने उठाया है उसी के तहत जिला भर में कार्य किया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम शिमला जिला के ढली क्षेत्र में पैट्रोल पंप के पास गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान गाड़ी में तीन युवक बैठे हुए थे। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो तीनों आरोपी घबरा गए। पुलिस ने जब तीनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जिस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

