संवाददाता,हमीरपुर: मंगलवार को हमीरपुर से जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा महामंत्री हरीश शर्मा अभय वीर लवली व जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने कहां है कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर केंद्र में प्रदेशवासियों की दमदार आवाज बन चुके हैं। जहां कहीं भी बात केंद्र से जुड़े प्रदेश व यहां की जनता के हितों की होती है वहां पर अनुराग ठाकुर कोई भी समझौता किये बिना, जोरदार तरीके से अपना पक्ष रखना जानते हैं।
उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर की बदौलत केंद्र में प्रदेश वासियों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं। ज़िला भाजपा ने एनआईटी हमीरपुर में भर्ती अनियमितताओं के आरोपों पर चल रही जांच के कारण छुट्टी पर चल रहे डायरेक्टर को नियमित रूप से हटाने पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया है। ज़िला भाजपा ने कहा है कि एनआईटी हमीरपुर की भर्तियों में प्रदेशवासियों की नजरअंदाजी करना केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को शुरू से ही अखर रहा था।
वहीं कई लोगों ने उन तक अपनी आवाज पहुंचाई थी। लेकिन कोरोना काल के समय लॉकडाउन में ढील मिलते ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मिल कर जांच शुरू करवाई और आरोपी डायरेक्टर को छुट्टी पर भिजवाया ताकि जांच प्रभावित न हो। अब यह कारवाही हुई जिसका जिला भाजपा स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि एनआईटी हमीरपुर से आरोपी डायरेक्टर को हटाने से एनआईटी कर्मचारियों सहित स्थानीय पंचायतों, जिला हमीरपुर व प्रदेश के हजारों युवाओं सहित संस्थान के विद्यार्थियों व एकेडमिक स्टाफ में खुशी का माहौल है व सभी ने अनुराग ठाकुर का धन्यवाद किया है।


