संवाददाता,शिमला: स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से अगस्त-सितंबर 2020 ली गई अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान कोरोना पॉजिटिव रहे अभ्यर्थी दिसंबर में होने वाली परीक्षा बिना आवेदन दे सकेंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपनी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट बोर्ड प्रबंधन के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। वहीं परीक्षा के दौरान कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद कन्टेनमेंट जोन बने क्षेत्रों से संबंधित अभ्यर्थियों को भी बिना आवेदन परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
अगस्त माह में हुई अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान जो अभ्यर्थी कोरोना पॉजिटिव थे। उन्हें दिसंबर माह में बिना आवेदन और फीस के परीक्षा में बैठने की बात कही गई थी। इसी के चलते बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों की पहचान की है, जोकि कोरोना पॉजिटिव थे। ऐसे अभ्यर्थी अपनी कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट दिखा कर परीक्षा में बैठ सकते हैं।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अगस्त-सितंबर 2020 में आठ विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा ली थी। इस दौरान कोविड-19 के कारण जहां कुछ अभ्यर्थी कोरोना पॉजिटिव थे, तो वहीं कुछ कन्टेनमेंट जोन होने के कारण परीक्षा नहीं दे पाए थे। ऐसे अभ्यर्थियों को बोर्ड दिसंबर माह में होने वाले टेट में बिना आवेदन के मौका देगा।
वहीं इसके लिए कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों को जहां अपनी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। कन्टेनमेंट जोन के अभ्यर्थियों को संबंधित तत्कालीन कंटेनमेंट जोने के संबंधित एसडीएम से जारी प्रपत्र बोर्ड के सम्मुख प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद बोर्ड इन अभ्यर्थियों को बिना आवेदन और बिना किसी शुल्क के नवंबर-दिसंबर माह में होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा में बैठने का मौका देगा।

