शिमला, 28 अगस्त। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के बीच शैक्षणिक, अनुसंधान, नवाचार एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 28 अगस्त, 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौता ज्ञापन पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह तथा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जसपाल सिंह संधु ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक कुलाधिपति एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल भी उपस्थित रहे।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी नैक से ए++ मान्यता प्राप्त देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है। विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता तथा उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है।
एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच संयुक्त शोध परियोजनाओं, वित्त पोषित अनुसंधान, शोध प्रकाशनों, पेटेंट विकास, परामर्श सेवाओं तथा व्याख्यान, सेमिनार एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता के लिए सहयोग का ढांचा तैयार किया जाएगा।
समझौते के अंतर्गत स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए अध्ययन, शोध तथा अल्पकालिक शैक्षणिक कार्यक्रमों हेतु आपसी छात्र विनिमय की संभावनाएं भी विकसित की जाएंगी। दोनों संस्थान आपसी सहमति के आधार पर शैक्षणिक प्रकाशनों, शोध परिणामों एवं विद्वतापूर्ण सामग्री के आदान-प्रदान के साथ-साथ शोध सुविधाओं एवं आधारभूत ढांचे को साझा करने की दिशा में भी कार्य करेंगे।
इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, कार्यशालाओं, अतिथि व्याख्यान, अल्पकालिक पाठ्यक्रमों, सह-अध्यापन, पाठ्यक्रम विकास, सम्मेलनों एवं सेमिनारों के आयोजन में भी सहयोग की संभावनाएं तलाश की जाएंगी। शिक्षकों के दौरे एवं छात्र विनिमय कार्यक्रमों जैसी विशिष्ट गतिविधियों को दोनों संस्थानों की आपसी सहमति से अलग-अलग लिखित व्यवस्थाओं के माध्यम से विकसित किया जा सकेगा।
यह समझौता दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संस्थागत सहयोग को नई दिशा देने के साथ अंतर्विषयक अनुसंधान, नवाचार, विद्यार्थियों के कौशल एवं व्यक्तित्व विकास तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे दोनों संस्थानों के शैक्षणिक एवं शोध परिवेश को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद है।
समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर ग्रीन एनर्जी एंड नैनो टेक्नोलॉजी के एसोसिएट निदेशक डॉ. रमेश ठाकुर तथा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार प्रो. मोनिका गुलाटी और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सेल के डीन प्रो. अतुल ठाकुर भी उपस्थित रहे।