(भोटा/हमीरपुर) — शुक्रवार को भोटा के K-स्टार होटल में रमेश शर्मा के बिझड़ी ब्लॉक चेयरमैन बनने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मान समारोह में बीडीसी सदस्यों के अलावा पंचायतों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने पूर्व विधायक बलदेव शर्मा तथा ब्लॉक चेयरमैन रमेश शर्मा का जोरदार स्वागत किया और उनके प्रति एकजुटता की ताकत दिखाई।
अपने संबोधन में बलदेव शर्मा ने कहा कि 1998 में पहली बार विधायक बनने के बाद से लेकर आज तक बिझड़ी ब्लॉक में भाजपा का ही कब्जा रहा है। यह सब जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल और जनता के आशीर्वाद के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान हमेशा सर्वोपरि रखा है। पंचायतों में चुने गए जनप्रतिनिधियों को भी हमेशा पूरा मान-सम्मान दिया और पार्टी की विचारधारा से जोड़ा। इसके कारण क्षेत्र में भाजपा का मजबूत संगठन बना।
उन्होंने कहा कि कुछ महत्वाकांक्षी लोगों के कारण संगठन को नुकसान पहुंचा और अब कुछ ऐसे लोग आ गए हैं, जिनका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। इससे पार्टी विखराव की ओर जा रही है। पार्टी हमारी मां है और ऐसे आया राम-गया राम को तवज्जो नहीं देनी है। हमें पार्टी की एकजुटता के लिए काम करना है।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष व भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष बन्याल, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैप्टेन प्रकाश चंद, पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री चतर सिंह कौशल, पूर्व महिला मोर्चा महामंत्री व् प्रधान रजनी पीला,बीडीसी सदस्य अनीता देवी, बंदना कुमारी, अमर चंद, यशोधा देवी, प्रधान सौर दुर्गा रानी, कुल्हेड़ा पंचायत प्रधान पिंगला देवी, उपप्रधान कुल्हेड़ा विजय कुमार, मक्कड़ उपप्रधान तरसेम, चंद्र शेखर, विनोद कतना, पूर्व मीडिया प्रभारी राकेश भाना, रोशन लाल, भाजपा ढटवाल मंडल सचिव एवं पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष शशि शर्मा सहित काफी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता ,पूर्व व् वर्तमान जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बलदेव शर्मा ने दिया वरिष्ठ भाजपाइयों को सम्मान — रमेश शर्मा
नवनियुक्त बिझड़ी ब्लॉक चेयरमैन रमेश शर्मा ने कहा कि मैं 1977 से भाजपा से जुड़ा हूं और भाजपा के विभिन्न पदों के साथ-साथ पंचायत स्तर के विभिन्न पदों पर भी रह चुका हूं। उन्होंने कहा कि इस बार ब्लॉक चेयरमैन की सीट ओपन होने के कारण स्थानीय नेता के समक्ष अपनी दावेदारी रखी, लेकिन आग्रह को नकार दिया गया। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित पूर्व विधायक बलदेव शर्मा से मिलकर सहयोग का आग्रह किया।
रमेश शर्मा ने कहा कि अगर आज मैं ब्लॉक चेयरमैन हूं तो यह बीडीसी सदस्यों, भाजपा कार्यकर्ताओं और बलदेव शर्मा के सहयोग से संभव हुआ है। आज लंबे समय से भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं, जबकि भाजपा में बाहर से आए लोग पदों पर कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। संगठन की मजबूती के लिए हमारे मुख्य नेताओं को सोच-विचार करना होगा।