संवाददाता,शिमला: कोरोना संकट के बीच मंदी की मार झेल रहे बाजार में गुरुवार को धनतेरस के दिन जमकर धन वर्षा हुई। अच्छी कमाई से कारोबारियों के चेहरे चमक उठे हैं। सरार्फा, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक और बर्तन के बाजारों में दिन भर खूब चहलकदमी रही। ग्राहकों को लुभाने के लिए कारोबारियों ने भी कई तरह के विशेष आफर देकर इस दिन को खास बनाया।
हालांकि बाजारों में भारी संख्या में भीड़ जुटने से कोरोना महामारी से बचाव के लिए बनाए गए नियमों की भी खूब अनदेखी हुई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी त्योहारी सीजन के दौरान अधिक सख्ती करते नजर नहीं आए। धनतेरस पर सोने-चांदी के गहनों व सिक्कों,आटोमोबाइल, टू व्हीलर, मोबाइल फोन, एलईडी, कपड़ों, बर्तनों और मिठाइयों समेत डिब्बा बंद ड्राई फ्रूट की लोगों ने खूब खरीद की।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों के बाजारों में गुरुवार को दिन भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। राजधानी शिमला के मॉल रोड़ और लोअर बाजार में देर शाम तक लोग खरीदारी करने में जुटे रहे। कोरोना संकट के बीच वित्तीय नुकसान झेल रहे कारोबारियों के चेहरों पर भी कई दिनों बाद चमक दिखी। शुक्रवार को भी बाजारों में रौनक बनी रहने की संभावना है।

