स्पेशल डेस्क: PUBG Mobile के वापसी का ऐलान हो चुका है। लेकिन इसी बीच भारतीय गेमिंग ऐप FAUG के लिए भी प्री रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।FAUG गूगल प्ले स्टोर पर प्री रजिस्ट्रेशन के लिए उपलब्ध है। PUBG Mobile बैन होते ही अक्षय कुमार ने FAUG का ऐलान किया था। जैसे ही भारत में PUBG Mobile पर प्रतिबंध लगा वैसे ही अक्षय कुमार ने FAUG (Fearless and United Guards) नाम के एक गेम का टीज़र शेयर कर दिया।
यह गेम nCore गेमिंग ने डेवेलप किया है। अभी तक ये गेम लॉन्च नहीं हुआ है और इसी बीच PUBG MOBILE INDIA की वापसी की भी ख़बरें आ गई।
पबजी कॉर्पोरेशन ने इंडिया में इस गेम की जल्द वापसी की घोषणा की है। इस बार इसे PUBG Mobile India नाम से लॉन्च किया जाएगा। अब देश में पबजी फैंस को इस नए गेम का बेसब्री से इंतजार है। PUBG Mobile India की लॉन्च की घोषणा के बाद से लगातार इससे जुड़े अपडेट आ रहे हैं।
बहरहाल, FauG के लिए गूगल प्ले स्टोर पर प्री रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। इससे पहले गूगल प्ले स्टोर से FauG नाम के कई फ़र्ज़ी ऐप्स को हटाया भी गया है। FauG गूगल प्ले स्टोर पर प्री रजिस्ट्रेशन के लिए उपलब्ध है। इसके साथ ही कुछ गेम प्ले की तस्वीरें भी हैं जिनसे आईडिया मिल रहा है कि इस गेम का थीम क्या होगा। इससे पहले इस गेम का एक वीडियो ट्रेलर भी आया था जिसमें भारत-चीन बॉर्डर पर चीनी सैनिकों के साथ बहस देखी जा सकती है।
गूगल प्ले स्टोर पर अपलोड की गईं तस्वीरों में सैनिक एक दूसरे लड़ते हुए दिख रहे हैं। पहाड़ी इलाक़ा है और ये लड़ाई हाथों से होती दिख रही है। इसके लिए सैनिकों के हाथों में हथियार भी हैं। ग़ौरतलब है कि इस गेम के कई लेवल और टास्क होंगे और भारत के नॉर्दर्न बॉर्डर पर ये गेम प्ले होगा। इस गेम के डिस्क्रिप्शन में लिखा है कि FauG कमांडोज खतरनाक बॉर्डर इलाक़े में पेट्रोलिंग कर रहे हैं और भारत के दुश्मनों के साथ दो दो हाथ करेंगे।







