संवाददाता, शिमला: कोरोना के बढते मामलों के बीच हिमाचल सरकार की ओर से एक राहत भरी खबर आई है। हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में पांच टेलीमेडिसन केंद्र खोलने की तैयारी कर रही है। इन टेलीमेडिसन केंद्रों के माध्यम से दूर दराज़ के इलाकों मे रहने वाले मरीज़ आसानी से डॉक्टर की सलाह ले पाएंगे। पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 5 ऐसे टेलीमेडिसन केंद्र खोलने का विचार हैं। केंद्र में स्टाफ ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की ओर से नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस योजना की शुरूआत कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण इलाकें में आधारभूत ढांचा मजबूत करने के लिए कार्यरत है।
आपको बता दें कि प्रदेश में आज भी दूर दराज के ऐसे कई स्थान है जहाँ स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं सही ढंग से नहीं पहुँच पाई हैं। ऐसे में टेलीमैडिसिन सेवा प्रदेश के लोगों के लिए काफी कारगर साबित हो सकती है। बहुत से पिछड़े इलाकों में सही समय पर डॉक्टर की सलाह न मिलने के कारण लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती है। कुछ लोग इस वजह से जान तक गवां देते हैं। ऐसे में सरकार का ये फैसला लोगों को काफी राहत दे सकता है। हालांकि अभी यह देखना बाकी है कि सरकार और प्रशासन इसे ज़मीनी स्तर पर कैसे लागू करती हैं।






