स्पेशल डेस्क, जम्मू कश्मीर: केंद्रीय वित्त एवं राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आयोजित एक रैली में कहा कि आर्टिकल 370 हमेशा के लिए गया, अब नहीं लौटेगा। दरअसल यह प्रतिक्रिया उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के उस बयान को लेकर दी, जिसमें वे कह रहे हैं कि वे इसे (अनुच्छेद 370) वापस लाकर रहेंगे।
अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘फारुक अब्दुल्ला कहते हैं कि वो इस काम में चीन की मदद लेंगे। महबूबा मुफ्ती कहती हैं कि वो पाकिस्तान की मदद लेंगी, वो देश जिसने हमें आतंकवाद दिया। वो कहते हैं कि वो आर्टिकल 370 वापस लाकर रहेंगे लेकिन मैं कहता हूं कि आर्टिकल 370 हमेशा के लिए गया और अब ये कभी वापस नहीं आएगा।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनाव चल रहे हैं। छठवें चरण के मतदान से पहले अनुराग ठाकुर ने बडगाम में रैली की। ठाकुर जम्मू-कश्मीर के लिए BJP के चुनाव प्रभारी हैं। रैली में उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए मतदान करने से राज्य में आप शिक्षा, रोजगार और विकास को सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर में शिक्षा, रोजगार और विकास लाएंगे। नए IIM और रेल नेटवर्क मोदी जी लेकर आए हैं। जिन DDC प्रतिनिधियों को आप चुनेंगे, वे अगले पांच साल का बजट तैयार करेंगे। आपको ये ताकत मोदी जी ने दी है।







