संवाददाता,शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मंत्रिमंडल में कोरोना के मद्देनजर लगाई गई पहले की सभी पाबंदियों को 5 जनवरी तक बढ़ा दिया है। ऐसे में राज्य के 4 जिलों में लगाए गए रात्रि कर्फ्यू रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक जारी रहेगें। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय सप्ताह होगा। शनिवार को वर्क फ्रॉम होम रहेगा। कोरोना महामारी के चलते सामाजिक कार्यक्रमों पर लगाई गईं बंदिशों को सरकार ने जारी रखा है। शादी व अन्य समारोहों में अधिकतम 50 लोगों के शामिल होने की शर्त लागू रहेगी।
प्रदेश में बसें भी पांच जनवरी तक 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी पर चलेंगी। पंचायत चुनाव के लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है। राज्य में पंचायती राज चुनाव राज्य चुनाव आयोग के फैसले के अनुसार होंगे। कैबिनेट ने विभिन्न विभाग में सैकड़ों पदों को भरने की मजूरी दी है। सीएम जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंचायत चुनाव के लिए एसओपी तैयार किए जाएंगे, ताकि कोरोना के फैलने का खतरा न रहे। सरकार का तीन साल पूरा होने का कार्यक्रम वर्चुअल तरीके से मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों के वास्तविक कार्यक्रम आयोजन को लेकर लगाई बंदिश हटा दी गई है। अब वर्चुअल के बाद वास्तविक कार्यक्रम तो होंगे, लेकिन इनमें 50 से ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे। शिलान्यास, उद्घाटन और अन्य कार्यक्रमों में 50 लोग ही शामिल होंगे। पहले केवल वर्चुअल कार्यक्रम की ही अनमति थी। इसके अलावा मंत्रिमंडल ने 2002 की एक अधिसूचना में पैरा एक और छह को संशोधित करने की मंजूरी दी है। 10 साल फेलिंग मामले में डीएफओ 200 पेड़ों को काटने की मंजूरी दे सकेंगे। कैबिनेट ने डीआईजी इंटेलिजेंस और सुरक्षा का कार्यालय धर्मशाला के लिए बदलने की मंजूरी दी है। एचएएस के आठ पदों को भरने की भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।


