हिमाचल प्रदेश की जुब्बल तहसील के जखोड़ गांव के निवासी विवेक ठाकुर ने खेल जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। श्री बलबीर सिंह ठाकुर (प्रिंस) एवं श्रीमती संतोष ठाकुर के सुपुत्र विवेक ठाकुर को जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की ओर से भारतीय जूनियर जूडो टीम का कोच नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से चंडीगढ़ के जूडो जगत के साथ-साथ उनके पैतृक क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
भारतीय जूनियर जूडो टीम का प्रशिक्षण शिविर 1 से 18 नवंबर 2026 तक भोपाल में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 14 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके बाद 18 से 22 नवंबर तक उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में विश्व जूडो चैंपियनशिप आयोजित होगी, जहां भारतीय टीम के सात खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विवेक ठाकुर इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता के लिए भारतीय खिलाड़ियों को तैयार करेंगे।
इस उपलब्धि के साथ विवेक ठाकुर के लिए एक और गौरवपूर्ण बात यह है कि उनकी दो शिष्याओं एंजेल यादव और इशरूप नारंग का भी भारतीय टीम में चयन हुआ है। एंजेल यादव अंडर-48 किलोग्राम और इशरूप नारंग अंडर-78 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दोनों खिलाड़ी एमसीएम डीएवी कॉलेज, सेक्टर-36, चंडीगढ़ की छात्राएं हैं और इससे पहले एशियन जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं।
गौरतलब है कि विवेक ठाकुर वर्ष 2019 से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-34, चंडीगढ़ में जूडो कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। अपने अनुभव और मेहनत के बल पर वह अब तक कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और राष्ट्रीय चैंपियन तैयार कर चुके हैं। उनकी इस नियुक्ति को चंडीगढ़ के जूडो खेल और उनके प्रशिक्षण कौशल के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर Amateur Judo Association of Chandigarh के जनरल सेक्रेटरी श्री एन.एस. ठाकुर ने विवेक ठाकुर और चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि विवेक ठाकुर के मार्गदर्शन में हर वर्ष कई खिलाड़ी भारतीय टीम में चयनित होकर चंडीगढ़ का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक हासिल करेंगे।
वहीं, विवेक ठाकुर ने इस नियुक्ति के लिए एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री एन.एस. ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने स्पोर्ट्स डायरेक्टर श्री सौरभ कुमार अरोड़ा (पीसीएस) एवं संयुक्त निदेशक खेल डॉ. महिंदर का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी का समय-समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन, सहयोग और खिलाड़ियों को दिया जाने वाला प्रोत्साहन उन्हें बेहतर कार्य करने तथा नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करता है।
विवेक ठाकुर ने विश्वास जताया कि भारतीय जूनियर जूडो टीम ताशकंद में शानदार प्रदर्शन करेगी और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश एवं चंडीगढ़ का नाम रोशन करेगी।


