संवाददाता शिमला: सौ साल पूरे कर चुके राजधानी शिमला की आइस स्केटिंग रिंक में शुक्रवार को सुबह का दूसरा सेशन हुआ। सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच रिंग में करीब 30 स्केटर्स और शिमला आइस स्केटिंग क्लब के सदस्यों ने स्केटिंग की। क्लब के सदस्यों ने शुक्रवार को रिंग में अच्छी बर्फ जमने के बाद शाम के सेशन का ट्रायल भी किया शनिवार से यहां इवनिंग सेशन होंगे।
यह सैशन शाम 5 से 7 तक चलेंगे। शुक्रवार सुबह लाउडस्पीकर पर बजते संगीत के बीच स्केटर्स ने स्केटिंग का आनंद उठाया। आईस स्केटिंग रिंक में कोरोना से बचने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यहां 10 साल से अधिक और 60 साल से कम के स्केटर्स को ही स्केटिंग की अनुमति तथा सदस्यता दी जाएगी। दूसरे दिन आइस स्केटिंग रिंक में 25 लोगों ने सदस्यता ली।
जानकारी के अनुसार एक समय पर 50 स्केटर्स को ही रिंक में जाने की अनुमति होगी। वहीं संख्या बढ़ने पर अलग-अलग समय पर स्केटिंग करवाई जा सकती है। परिसर में किसी को भी समूह में खड़े होने और एक साथ स्केटिंग करने की अनुमति नहीं होगी। रिंग में संक्रमण से बचाव के पूरे इंतजाम किए गए है। सैनिटाइजर और मस्क भी अनिवार्य किए गए है। क्लब में हैंड सैनिटाइजर और साबुन आदि की व्यवस्था रहेगी।


