संवाददाता,शिमला: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के संदेश को भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा हम सबके लिए यह अत्यंत ही हर्ष एवं गौरव का विषय है कि हिमाचल प्रदेश सरकार आज 27 दिसंबर 2020 को अपने कार्यकाल के सफल तीन वर्ष पूर्ण कर रही है।
“मैं इस शुभ अवसर पर आपके साथ इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनना चाहता था और आप सबसे संवाद करना चाहता था किंतु जैसा कि आप सब जानते हैं, कुछ अपरिहार्य कारणों से मैं आप सब के समक्ष उपस्थित नहीं हो सका। इसका मुझे बहुत दुःख है।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार ने तीन वर्षों में विकास की नई गाथा लिखी है। माननीय प्रधानमंत्री ने पर्यटन, स्वास्थ्य एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की दृष्टि से हिमाचल प्रदेश में कई योजनाओं को शुरू किया है और भाजपा की जयराम सरकार ने इसे जमीन पर उतारने का सार्थक प्रयास किया है।
नड्डा ने माचल प्रदेश की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार प्रकट किया वे आज इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सुशासन, विकास और जनता की खुशहाली के प्रति समर्पित भारतीय जनता पार्टी की जयराम ठाकुर सरकार ने हिमाचल प्रदेश में आज अपने तीन सफल वर्ष पूरे किए हैं। अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने हिमाचल का समुचित विकास कर नये आयाम स्थापित किए हैं जिसके लिए मैं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बहुत बधाई देता हूं।


