स्पेशल डेस्क, हैदराबाद: जस्टिस हिमा कोहली तेलंगाना उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बन गईं हैं। हिमा कोहली ने गुरुवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली।
न्यायमूर्ति कोहली दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीश पद पर आसीन थीं। राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल तमिलीसाई सुंदरराजन ने उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
वह वर्तमान में देशभर के उच्च न्यायालयों में एकमात्र महिला मुख्य न्यायाधीश हैं। जस्टिस कोहली का जन्म 02 सितंबर, 1959 में दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में डिग्री हासिल की। इसके बाद 1984 में वकालत शुरू की।
जस्टिस कोहली साल 2006 से दिल्ली हाई कोर्ट में जज के रूप में सेवा दे रही थीं। जिसके बाद उन्हें तेलंगाना के चीफ जस्टिस के रूप में पदोन्नति दी गई।
मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी. कृष्णा रेड्डी, तेलंगाना के कई मंत्री और अन्य गणमान्य लोग कार्यक्रम के दौरान मौजूद थे। कोहली न्यायमूर्ति आर एस चौहान की जगह लेंगी। चौहान का तबादला उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर हुआ है।







