नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से टीकाकरण अभियान के ताज़ा आंकड़े जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार देश भर में अब तक 18 करोड 69 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें 96 लाख 85 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली डोज, तो वहीं 66 लाख 67 हजार से अधिक को दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है। 1 करोड 86 लाख से अधिक अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को पहली डोज और इनमें से 82 लाख से अधिक लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।
मंत्रालय ने बताया कि 60 वर्ष से ऊपर के पांच करोड 49 लाख से अधिक लोगों को पहली डोज और एक करोड 80 लाख से अधिक को दूसरी डोज लगायी गयी है। मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के मुताबिक कल रात आठ बजे तक 11 लाख 45 हजार से अधिक लोगों को कोविड टीका लगाया गया। इनमें से 9 लाख 91 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और एक लाख 53 हजार से अधिक को दूसरी डोज लगाई गई।
वहीं व्यापक टीककरण अभियान का तीसरा चरण इस महीने की पहली तारीख से शुरू किया गया था। इसके अंतर्गत 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जाना है। ताज़ा प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 5 लाख 27 हजार से अधिक लोगों ने देश भर में कल टीके की पहली डोज ली। देश के 36 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में कुल मिलाकर अब तक इस आयु वर्ग के 70 लाख 12 हजार से अधिक लोगों को कोविड टीके पहली डोज लग चुकी है।







