न्यूज़ डेस्क। कोरोनाकाल में लोग बहुत सी परेशानियां झेल रहे हैं, कहीं पर मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा तो कहीं ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत है। कोई अस्पताल में भर्ती नहीं हो पा रहा है और किसी को इंजेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं, इस विषय को देखते हुए 3 स्कूली छात्रों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जो कि ऐसे लोगों की सहायता कर रहा है जो लोग परेशान हैं, जिनको हॉस्पिटल नहीं मिल रहा है, जिनको ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिनको ऐसी ही मेडिकल सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।
अवनी सिंह, अनुज गर्ग और ऋष्य गुप्ता द्वारा बनाया गया यह व्हाट्सएप ग्रुप लोगों की इसी तरह की स्वास्थ्य उपकरण संबंधी परेशानियों को कुछ हद तक हल करने का काम कर रहा है। ऋष्य गुप्ता और अवनी सिंह दोनों मेरठ के रहने वाले हैं और अनुज गर्ग सहारनपुर के रहने वाले हैं। ये तीनों छात्र इसी साल 11 वीं पास करके 12वीं में पहुंचे हैं। लोगों की मदद के लिए बनाए गए ग्रुप में कई शहरों से 16 से 18 साल के स्कूली छात्र भी जुड़ें हैं, और इस व्हाट्सएप ग्रुप के ज़रिए उन लोगों की मदद करने के प्रयास किए जा रहे हैं जो लोग कोरोनाकाल मे इलाज के लिए या किसी भी समस्या से परेशान हैं।

वॉट्स ऐप ग्रुप बनाने वाले छात्र।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इन स्कूली छात्रों के द्वारा दो ग्रुप बनाए हुए हैं, एक ग्रुप मेंबर्स का है और एक ग्रुप वॉलिंटियर्स का है, टोटल ग्रुप में 250 से ज्यादा छात्र जुड़े हैं जो कि अलग-अलग शहर के हैं और किसी भी शहर में किसी को भी कोई भी सहायता की आवश्यकता हो तो इस ग्रुप में उस व्यक्ति से जुड़ी सूचनाएं दी जाती है और मदद ढूंढने का प्रयास किया जाता है। छात्र अपने शहर की जानकारी जुटाकर मदद मांगने वाले की सहायता करते हैं।
ये छात्र मिलकर अब तक कई शहरों में मदद कर चुके हैं जैसे जयपुर, गुड़गांव, दिल्ली, नोएडा। दरअसल यह तीनों छात्र पहले से ही एक स्टूडेंट आर्गेनाईजेशन से जुड़े हुए थे और वहीं से ही लोगों की परेशानियों को देखते हुए इनके मन में ख्याल आया कि एक ग्रुप बनाया जाए, जो कोरोनाकाल में लोगों की मदद कर सके और उन्होंने यह ग्रुप तैयार किया, इनका कहना है कि यह ग्रुप लगातार अपने ग्रुप को बढ़ा रहे हैं और लोगों की मदद कर रहे हैं।







