शिमला। आज शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा कुलपति को छात्र मांगो को लेकर ज्ञापन सौंपा गया । गौर हो कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा एंट्रेंस व मेरिट आधारित विभिन्न संकायों में दाखिले हेतु ऑनलाइन फॉर्म भरना शुरू किया गया है , जिसमें छात्रों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्रों को अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है चाहे वो फीस कटने के बाद अपडेट न होना हो या दस्तावेज अपलोड करने से संबंधित, साथ ही साथ शिक्षण संस्थान बंद होने से छात्रों को समस्या का निपटारा होने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है , ऐसे में विश्वविद्यालय कुलपति को विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन सौंपा और मांग रखी की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को दुरस्त किया जाए तथा महामारी छात्रों की मदद हेतु अलग से समस्या निपटारा हेतु फोन नंबर व ईमेल जारी की जाए। उन्होंने कहा कि आज भले ही परिस्थितियां असामान्य हैं , अभाविप इस समय अनेकों सेवा कार्य में देश भर में लगी है साथ ही साथ छात्र हितों को सुनिश्चित करने के लिए भी हमेशा तत्पर है ।

