शिमला। हिमाचल प्रदेश के सात HAS रैंक के अधिकारी जल्द ही IAS रैंक के आधिकारियों की श्रेणी में शामिल होने जा रहे हैं। इस सम्बन्ध में नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग की बैठक हुई, जिसमें हिमाचल प्रदेश के सात एचएएस अधिकारियों को आइएएस अफसर बनाने (इंडक्ट) पर निर्णय लिया गया। इस फैसले पर आयोग की ओर से अंतिम मंजूरी दस दिन बाद मिलेगी, उससे पूर्व इस मामले की फाइल मुख्यमंत्री के पास जाएगी जहां से इस फैसले को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
बताते चलें, एचएएस अधिकारियों की इंडक्शन प्रक्रिया को लेकर हुई इस बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव अनिल खाची और कार्मिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना भी मौजूद रहे। इंडक्शन प्रक्रिया के तहत औपचारिक तौर पर HAS अश्विनी राजशाह, कुमुद सिंह, विनय सिंह, हरबंस सिंह ब्रासकोन और रीमा कश्यप के अलावा शुभकरण व सुमित खिमटा को IAS अधिकारी बनाने को मंजूरी प्रदान की गई।
इस मामले पर अभी होने वाली सरकारी प्रक्रिया की बात करें तो, आयोग से अंतिम मंजूरी से पहले इस मामले की फाइल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पास जाएगी, जिसके बाद केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय नए आइएएस (IAS) अफसर के नाम की सूची जारी करेगा। इस संबंध में अधिसूचना जारी होने के बाद हिमाचल प्रदेश के यह 7 एच ए एस (HAS) अधिकारी आईएएस (IAS) अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।
आपको बता दें की यह प्रक्रिया पिछले लंबे समय से लंबित थी। पिछले लगभग छह महीनों से कोरोना संक्रमण के कारण यह प्रक्रिया लटकती रही है। इस सम्बन्ध में एक महीना पहले भी इस प्रक्रिया की शुरुआत लगभग हो ही गई थी, जहां नई दिल्ली से संबंधित सचिव का प्रदेश दौरा तय हो गया था, मगर कोरोना की दूसरी लहर के चलते ये मामला आगे खिसका दिया गया था। लेकिन अब जब कोरोना महामारी की दूसरी लहर पर थोड़ी सी लगाम लगी है तो अब जाकर इस संबंध में प्रक्रिया शुरू है और जल्द ही अंजाम तक पहुंचाने वाली है।

