शिमला: आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने छात्रों की समस्याओं को लेकर, विशेष रुप से पीजी कोर्सेज प्रवेश परीक्षा आवेदन सीमा को बढ़ाने को लेकर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अध्ययन डॉ अरविंद कालिया को ज्ञापन सौंपा है।
इस मामले में पत्रकारों को जानकारी देते हुए ABVP विश्वविद्यालय इकाई के सचिव आकाश नेगी ने कहा, कि आजकल बारिश का मौसम है और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ साथ तूफान भी आया है जिस कारण पांगी,किन्नौर और लाहौल स्पीति जैसे पहाड़ी क्षेत्र बिजली और इंटरनेट कनेक्टिविटी से दूर हो गए है जिस कारण छात्रों को प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है उन्होंने कहा कि छात्रों के रोजाना समस्या के समाधान हेतु फोन आते रहते हैं जिसके चलते आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने अधिष्ठाता अध्ययन को ज्ञापन सौंपा ।
इकाई सचिव आकाश नेगी ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि विभिन्न कोर्सेज के लिए 21 जून निर्धारित की है लेकिन आजकल छात्र शहर व बाजार से दूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी रह रहे हैं जिस कारण कई छात्रों को इंटरनेट की सुविधा ना होने के कारण खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इन सभी परिस्थितियों का ध्यान रखते हुए आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रवेश परीक्षाओं हेतु निर्धारित तिथि को आगे बढ़ाने की मांग की है ताकि किसी भी छात्र के साथ किसी भी प्रकार का आवेदन संबंधी अन्याय ना हो।
सचिव आकाश नेगी का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा छात्र हित में उठाई गई इस मांग को अधिष्ठाता अध्ययन ने वास्तविक मांग बताते हुए 2 दिन के बाद अंतिम तिथि आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
आकाश नेगी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई की ओर से प्रदेश के सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की है और प्रदेश के सभी छात्रों को जानकारी देते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा हेतु ऑनलाइन कोचिंग क्लासेस भी दे रही है जिसके लिए विद्यार्थी परिषद ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क सूत्र और रजिस्ट्रेशन फॉर्म का लिंक भी जारी किया है रुचि रखने वाले छात्र सोशल मीडिया के माध्यम से विद्यार्थी परिषद से संपर्क कर सकते हैं।

