शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त का मंडी लोकसभा सीट का राजनीतिक दौरा लगभग 1 सप्ताह के बाद आज समाप्त हो गया है। इस दौरे की समाप्ति के बाद वे आज शिमला पहुंचे जहां उन्होंने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से मिलकर चर्चाएं और विचार विमर्श किया।

इसी कड़ी में आज उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में, मौजूदा कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से मुलाकात की और पार्टी और चुनावों से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत की। इसके अलावा वे आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका निभा रहे कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री से भी मिले जहां उनसे अनेकों मुद्दों पर चर्चा हुई।

संजय दत्त शिमला स्थित कांग्रेस पार्टी दफ्तर में कांग्रेस पार्टी की ही शाखा “सेवादल” की प्रदेश कार्यकारिणी से भी मुखातिब हुए, इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कुलदीप सिंह राठौर, मुख्य प्रबंधक अनुराग शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान संजय दत्त ने सेवा दल की प्रादेशिक कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले वक्त में हमारा मुख्य कार्य आम जनता से जुड़े मुद्दों और पहलुओं पर काम करना होगा, जिसमें वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है।







