हमीरपुर: चुनावी दौर से पहले भाजपा खेमे में भी तैयारियां शुरू हो गई है और मंगलवार को पार्टी के कद्दावर नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल बूथ लेवल भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते नजर आए। दरअसल भाजपा की ओर से हमीरपुर मंडल के बगारटी में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था जिसमें प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के मूल मंत्र दिए।
मतदान केंद्र पर पार्टी द्वारा नियुक्त त्रिदेव “बूथ गढ़ो आगे बढ़ो” की युक्ति पर केंद्रित होकर काम करें। प्रदेश में मिशन रिपीट 2022 का संकल्प भले ही प्रदेश स्तर पर लिया गया है, लेकिन इसकी सफलता पूरी तरह मतदान केंद्र ही सुनिश्चित कर सकते हैं। यह शब्द वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के हैं जब वे मंगलवार को हमीरपुर मंडल के बगारटी में पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व पार्टी दिग्गज नेताओं की दूरदर्शी सोच, मतदान केंद्रों से होंगी पार्टी मजबूत: प्रो. धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट 2022 की सफलता के लिए जीत का नया मंत्र देते हुए कहा की ” बूथ गढ़ो आगे बढ़ो”। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर जब कार्यकर्ता और पार्टी द्वारा नियुक्त त्रिदेव जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी द्वारा बताए गए सभी कार्यकलापों को और गतिविधियों को अच्छी तरह चलाएंगे तो 2022 क्या आने वाला कोई भी मिशन हमें सफल होने से नहीं रोक सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है इसका श्रेय केवल और केवल पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है। पार्टी के वर्तमान स्वरूप तक पहुंचने के लिए कई वर्षों का समय लगा है और कई महानुभावों ने अपना जीवन इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पार्टी को समर्पित किया है। पूर्व में पार्टी के दिग्गज नेताओं द्वारा एक ऐसी दूरदर्शी सोच को ध्यान में रखते हुए एक योजना बनाई कि मतदान केंद्र से ही पार्टी को मजबूत किया जाएगा, ताकि एक विशुद्ध सरकार केंद्र में बन सके पूर्ण बहुमत पार्टी के पास हो चाहे वह लोकसभा हो चाहे वह राज्यसभा हो। और जब ऐसा होगा तभी पार्टी देश में वह सुधार, वह निर्णय, वह योजनाएं लागू कर सकती है, जो कई वर्षों से पार्टी की राजनीतिक यात्रा का लक्ष्य रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने काम किया, मेहनत रंग लाई केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, राज्यसभा में भी बहुमत हुआ तो आज देश में हमने वह फैसले, वह योजनाएं और वह निर्णय लागू होते देखे हैं, जिनका पिछले 70 वर्षों से देश की जनता और हम सब बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
अपना बूथ सबसे मजबूत विषय के महत्व को समझाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह बड़ी-बड़ी सफलताओं के पीछे छोटे-छोटे प्रयास जुड़े होते हैं। उसी तरह मिशन रिपीट जैसे बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने अपने बूथ पर ध्यान केंद्रित कर उसमें अपने प्रयत्नों की ऊर्जा लगाकर हमें अपने मतदान केंद्र को मजबूत करना है। मतदान केंद्र पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करनी है। यही बात अपना बूथ सबसे मजबूत का सार है। जिस प्रकार एक मूर्तिकार एक पत्थर को गढ़ कर अपने प्रयासों से उसको सजीव कर देता है, उसी तरह मतदान केंद्र पर बैठे पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता अपनी मेहनत और प्रयासों से पार्टी को अपने मतदान केंद्र पर मजबूत करें।

