शिमला। रिज मैदान स्थित पुस्तकालय को “बुक कैफ़े” में बदलने की ख़बरों के बीच वीरवार को “परमार्थ” संस्था ने नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल से मुलाक़ात की। क़रीब एक घंटा संवाद करने के बाद महापौर ने विश्वास दिलाया कि पुस्तकालय की मुर्रम्मत कराने के बाद इसकी अस्मिता और गरिमा को बना कर रखा जाएगा। परमार्थ संस्था ने इस पर उनका समर्थन किया एवं आशा जताई कि प्रशासन और सरकार अपने कहे पर अटल रहेगी और सदा छात्रहित के लिए समर्पित रहेगी।
महापौर ने परमार्थ द्वारा दिए गये ज्ञापन पर सहमति जताई और हर वॉर्ड में रीडिंग रूम बनाने पर हामी भरी। उन्होंने माना कि शिक्षा के अधिकारों को सर्वोपरि रखना आवश्यक है।
“परमार्थ” संस्था के सदस्यों का कहना है कि उनकी संस्था इस विषय पर गंभीर है और प्रशासन के आगामी फ़ैसलों पर नज़र बनाए हुए है और आशा है छात्रहित और भावी पीढ़ी के साथ शिक्षा को लेकर समझौता नहीं किया जाएगा।


