शिमला: हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक मंगलवार को राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के सैकड़ों पदों को भरने के अलावा कई बड़े फैसले लिए गए हैं।
करीब तीन लाख विद्यार्थियों को मिलेंगे निशुल्क बैग
हिमाचल सरकार सरकारी स्कूलों के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को निशुल्क बैग देगी। मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया है। मंत्रिमण्डल ने वर्ष 2020-21 के लिए अटल स्कूल वर्दी योजना के अन्तर्गत लिया है। पहली, तीसरी, पांचवी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को यह बैग मिलेंगे।
वहीं, प्रदेश सचिवालय में कनिष्ठ कार्यालय सहायक के स्थान पर क्लर्क के 100 पदों को भरने का निर्णय लिया। ये पद अनुबंध के आधार पर भरे जाएंगे। कैबिनेट ने राज्य में ‘स्वर्ण जयंती परंपरागत बीज सुरक्षा एवं संवर्धन योजना’ लागू करने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा जिले की फतेहपुर तहसील में विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों के सृजन के साथ नई उप तहसील खोलने का निर्णय लिया गया।
जयराम सरकार की कैबिनेट ने परंपरागत बीज सुरक्षा योजना को भी मंजूरी दे दी है। मंडी में प्रदेश विश्वविद्यालय खोलने के लिए कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इसी शीतकालीन सत्र में सदन में इसको लेकर बिल लाया जाएगा। खास बात यह है कि सरदार बल्लभ भाई पटेल के नाम से विवि होगा। वहीं, पांगी के साच में जल शक्ति विभाग का उप मंडल खोलने को लेकर भी मंजूरी मिल गई है।
बैठक में शिमला जिला की जुन्गा उप-तहसील को स्तरोन्नत कर तहसील का दर्जा प्रदान करने की स्वीकृति दी गई। कुल्लू जिला की भुंतर तहसील के अन्तर्गत जरी में उप-तहसील खोलने और इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों के सृजन को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में शहरी क्षेत्रों में लागू प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के अन्तर्गत स्ट्रीट वेंडर्ज व रेहड़ी वालों के लिए स्वीकृत ऋण के लिए हाइपौथिकेशन अनुबंध पर स्टाम्प ड्यूटी घटाकर न्यूनतम 10 रुपये करने का भी निर्णय लिया गया।
कैबिनेट में ड्राफ्ट इलेक्ट्रिक मोटर पॉलिसी को मंजूरी दी गई। इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका मकसद इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण के लिए एक वैश्विक हब बनाने के लिए टिकाऊ परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने, इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण, उद्योगों को सब्सिडी और प्रोत्साहन प्रदान करने के अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक और निजी चार्जिंग आधारभूत ढांचा बनाना है।
कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र के शवाद में नया जल शक्ति सब डिवीजन बनाने को मंजूरी दी। विभिन्न श्रेणियों के चार पदों के सृजन के साथ मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में चुराग में नया जल शक्ति उपमंडल और एक नया जल शक्ति खंड महुनाग में खोलने को भी अपनी मंजूरी दी।
कैबिनेट ने चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में डीन के पांच और निदेशक के दो पदों को भरने का निर्णय लिया। वहीं, मत्स्य विभाग में मत्स्य अधिकारी के दो व मत्स्य क्षेत्र सहायक के 20 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया। परिवहन विभाग में मोटर वाहन निरीक्षकों के 7 पदों को अनुबंध के आधार पर भरने का निर्णय लिया है।


