सुजानपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर मंडल की कार्यकर्ता बैठक को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ता को खुले मन से जनता को किए हुए काम बताने चाहिए। हम लोग बोलने में संकोच करते हैं और विरोधी झूठी बात बोल कर लोगों को बड़े आत्मविश्वास से बेहकातें हैं। अगर हम बोलेंगे नहीं, सच्चाई लोगों को नहीं बताएंगे तो वह बहकावे में आ जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र दोनों जगह सरकारें हमारी हैं और दोनों सरकारों ने बहुत बढ़िया काम किया है, जो लगातार जारी है। आमजन युवा बुजुर्ग महिला कर्मचारी अधिकारी किसान बागवान इत्यादि सहित समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए अनेकों कार्य किये जा रहे हैं। लोगों को लाभ भी मिल रहा है, लेकिन जिस व्यक्ति को फायदा मिल जाता है वह चुपचाप बैठ जाता है।
समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मिलने वाले लाभ का जिक्र पार्टी कार्यकर्ता को करना है। जब तक हमारे कार्यकर्ता बोलेंगे नहीं तब तक आम लोग विरोधियों की बातों में आते रहेंगे कि कुछ नहीं हुआ है। चुनावों का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जाता है वैसे वैसे मतदाता अपना मन बनाना शुरू कर देते हैं इसलिए बिना कोई देर किये कार्यकर्ताओं को अपनी बात जनता तक पहुंचाना शुरू कर देनी चाहिए।
धूमल ने कहा कि अभी हाल ही में प्रदेश में हुए उपचुनावों में जो ठोकर लगी है वह पार्टी के लिए एक चेतावनी है। जितने काम लोगों के हुए, जितना लाभ लोगों को मिला उतने वोट पार्टी को शायद नहीं मिल पाए। इसलिए कार्यकर्ता को जागरूक होना पड़ेगा और अपनी उपलब्धियों का जिक्र करना पड़ेगा।
कार्यकर्ताओं को अगर कुछ समस्या आती है तो उन्हें पार्टी में बात करनी चाहिए। पार्टी के बाहर कोई नकारात्मक बात नहीं होनी चाहिए। मंडल के सभी ग्राम केंद्रों पर और मतदान केंद्रों पर पार्टी का सारा स्ट्रक्चर खड़ा है, सब अपनी अपनी जिम्मेदारी को समझें और बड़ी ही सटीकता के साथ अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी हासिल करें और फिर उनको सब लोगों तक पहुंचाएं।







