शिमलाः हिमाचल प्रदेश के ऊपरी भागों में बर्फबारी का दौर सुबह से ही जारी है। शिमला, सिरमौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों समेत हिमाचल प्रदेश के कई ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में 2 दिनों से लगातार बर्फबारी जारी है।
शिमला में वाहनों की आवाजाही ठप
वही बात करें प्रदेश की राजधानी शिमला की तो वह भी बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य आपदा संचालन केंद्र की ओर से शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अभी 3-NH दारचा से सरचू, ग्रांफू से लोसर और शिमला-रामपुर समेत 677 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं।
लाहौल स्पीति में हिमस्खलन का क्रम जारी
इसके अलावा 961 बिजली ट्रांसफार्मर और 98 पेयजल योजनाएं ठप पड़ गई हैं। प्रदेश में हवाई उड़ानें भी बंद हैं। बारिश व बर्फबारी से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लाहौल में हिमस्खलन का क्रम भी जारी है। लाहौल के तांदी के पास हिमस्खलन हुआ है।
कुल्लू के स्कूलों में हुई छुट्टियों की घोषणा
वहीं मनाली, रोहतांग दर्रा, सोलंगनाला, अटल टनल रोहतांग, जलोड़ी दर्रा, सिस्सू समेत ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह से लकदक हो गए हैं। कुल्लू जिले में भारी बर्फबारी के चलते नौवीं से 12 कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
राजधानी का ऊपरी शिमला से संपर्क कटा
राजधानी शिमला में जारी भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राजधानी का ऊपरी शिमला से संपर्क पूरी तरह कट गया है। शहर में भी यातायात सुबह से ठप है। सोलन जिले के कसौली, चायल, कंडाघाट और सोलन शहर में भी बर्फबारी हुई है। चायल में बर्फबारी से दर्जनों बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं।
सिरमौर जिला में जनजीवन अस्त व्यस्त
सिरमौर में भी बर्फबारी-बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। गिरिपार इलाका जिला मुख्यालय नाहन व शेष हिमाचल से कट गया है। लाहौल और कुल्लू में दो हाईवे के साथ 200 से अधिक सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 140 से ज्यादा ट्रांसफार्मर बंद हैं।
प्रदेश में 8 फरवरी तक मौसम खराब रहने के आसार
मौसम विभाग ने आज भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में आठ फरवरी तक बारिश-बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। वहीं मैदानी भागों में पांच फरवरी से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।


