शिमला : हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। प्रदेश में अगले 3 दिन मौसम खराब बना रहेगा। 3 मार्च तक प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 और 3 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मैदानी व मध्यम क्षेत्रों में बारिश तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी।
100 से अधिक सड़के अभी भी ठप
हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी से अभी भी 100 से अधिक सड़कें ठप हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर जारी रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार सुबह तक प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे, एक स्टेट हाईवे समेत 181 सड़कें यातायात के लिए बाधित थीं। वहीं 11 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।
चंबा-तीसा मार्ग में भूस्खलन
चंबा-तीसा मार्ग चांजू के पास देर रात भूस्खलन से बंद हो गया। सड़क बंद होने से वाहनों की लंबी लाइन लगी है।प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों के कुछ भागों में आज बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी कुछ भागों में बारिश हो सकती है।
प्रदेश में 5 मार्च तक खराब रहेगा मौसम
राजधानी शिमला में सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। 3 मार्च को अंधड़ चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया है। 4 और 5 मार्च को सभी क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
कल्पा में -0.4 रहा तापमान
सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 8.2, कल्पा में माइनस 0.4, शिमला 6.3, सुंदरनगर 5.4, भुंतर 5.9, धर्मशाला 6.2, ऊना 8.8, नाहन 9.8, पालमपुर 5.5, सोलन 5.2, मनाली 2.2, कांगड़ा 9.0, मंडी 7.2, बिलासपुर 7.5, हमीरपुर 7.8, चंबा 8.1, डलहौजी 5.6, कुफरी 3.8, जुब्बड़हट्टी 8.0 और पांवटा साहिब में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।






