शिमला: हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज अपने मौजूदा कार्यकाल का आखिरी व 5वां बजट पेश कर रहे हैं। बजट के शुरुआत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ और सबका विकास सूत्र पर राज्य सरकार ने सभी वर्गों का समान ध्यान रखा है।
उन्होंने कहा कि यही विकास उनकी सरकार की दिसंबर 2022 में सत्ता की वापसी कराएगा और फिर से जनता की सेवा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से पहले प्रदेश में केवल दो ऑक्सीजन संयंत्र थे। आज इनकी संख्या 48 हो गई है। इसी तरह ऑक्सीजन सिलेंडर की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार ने लोगों की जान को बचाने के साथ साथ लोगों की आजीविका को भी चलाने का प्रयास किया है। सरकार के प्रयासों से ही हिमाचल प्रदेश कोरोना की पहली और दूसरी वैक्सीन लगाने में देशभर में अव्वल रहा है।
वहीं, 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों को भी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य भी उत्कृष्ठता से प्रारंभ किया। इसलिए PM मोदी भी हमारी सरकार की पीठ थप-थपा चुके हैं। प्रदेश में इज ऑफ डूइंग बिजनेस की नीति के कारण ही रूस में निर्मित स्पूतनिक दवाई का उत्पादन प्रदेश में हो रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पांचवां बजट भाषण सदन में पढ़ना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री की पत्नी साधना बजट भाषण सुनने विधानसभा सदन पहुंची हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप भी वीवीआईपी गैलरी में मौजूद हैं।
स्पीकर गैलरी में मुख्यमंत्री के ओएसडी, महेंद्र धर्माणी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, एपीएमसी शिमला किन्नौर के अध्यक्ष नरेश शर्मा भी बैठे हैं।







