मंडी: आम आदमी पार्टी के रोड शो के दिन बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी गृह जिला मंडी में अपने विधानसभा क्षेत्र सराज से चुनावी हुंकार भरी है। थुनाग में भाजपा के स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और बलिदान से भाजपा का संगठन और पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
आजादी के बाद राजनीतिक दलों का गठन होने पर भाजपा ने अनेक चुनौतियों का सामना किया और आज एक सशक्त पार्टी के रूप में भाजपा का उदय हुआ है। विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व बतौर प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। हम विचार, व्यवहार और पहचान से अलग हैं। इसका श्रेय करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और लाल कृष्ण आडवाणी सहित पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है।
वहीं, सीएम ने ‘चले बूथ की ओर बढ़ें जीत की ओर’ जनसंपर्क अभियान का आगाज भी किया। जुड़ी पंचायत के झुड गांव के बूथ अध्यक्ष बुद्धि सिंह के घर पर भाजपा का झंडा फहरा कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बुद्धि सिंह के घर पर उनकी नाम पट्टिका भी लगाई।


