स्पेशल डेस्क: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका लगा है। प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता अरुण शर्मा ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। उनके साथ इंटक के जिला महामंत्री संजय शर्मा भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि अच्छे लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि वहां की जनता इस बार दोनों पार्टी को नकारने जा रही है।सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक बार कांग्रेस और एक बार बीजेपी की सरकार आती है, लेकिन दोनों ही पार्टियों ने वहां काम नहीं किया। आज हिमाचल प्रदेश की सरकार को 5 साल पूरे होने जा रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री अब कह रहे हैं कि हम आगे काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग काफी समझदार हैं। वहां पर कांग्रेस और बीजेपी दोनों का ही जनाधार खत्म हो चुका है।हिमाचल की जनता अब तीसरे विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी को बुला रही है।
वहीं, अरुण शर्मा ने कहा कि परिवर्तन केवल हिमाचल नहीं, बल्कि देश मे होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में इस बार आप की सरकार बनाएंगे। कांग्रेस पार्टी छोड़ने को लेकर अरुण शर्मा ने कहा कि गाड़ी में चार ड्राइवर हों तो एक्सीडेंट होता है। पार्टी में गुटबाजी से लोग परेशान हैं, जिसकी वजह से उनके जैसे लोग पार्टी छोड़ने को मजबूर हैं।







