शिमलाः नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले में सीबीआई से जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि ये प्रदेश के 74 हजार बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार की शह पर पुलिस भर्ती का पेपर लीक किया गया है।
अगर सरकार वर्ष 2020 में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा की गड़बड़ी की जांच तत्काल करवाती तो आज पुलिस भर्ती का पेपर लीक होने का मामला नहीं होता। पुलिस भर्ती के लिए प्रदेश के युवा कड़ी मेहनत करते हैं और ऐसे में उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। हर विभाग में भर्ती में गड़बड़ी हो रही है। मुख्यमंत्री के कार्यालय में बैठे अफसरों के परिजनों को नौकरियां दी जा रही हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबलों के 1334 पदों के लिए 27 मार्च को भर्ती परीक्षा हुई थी। इनमें 932 पुरुष, 311 महिला कांस्टेबल, 91 पुरुष कांस्टेबल बतौर चालक पदों के लिए 5 अप्रैल 2022 को परिणाम घोषित हुआ।
पहले चरण में लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश में निर्धारित 81 केंद्रों पर किया गया था। लिखित परीक्षा में कांस्टेबल पुरुष के पदों के लिए 60 हजार से अधिक और कांस्टेबल महिला पदों के लिए 14 हजार से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे।







