शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने बड़ा मास्टर स्ट्रोक खेला है। शनिवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित राजभवन में कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी और प्रचार समिति की संयुक्त बैठक में कांग्रेस पार्टी ने ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने का फैसला लिया।
इस फैसले की जानकारी देते हुए हिमाचल कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकारी कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आते ही ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करेगी। इसका जीता जागता उदाहरण राजस्थान और छत्तीसगढ़ हैं, जहां कांग्रेस पार्टी की सरकार है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां कहा कि कांग्रेस पार्टी जो घोषणा पत्र जारी करेगी, वह घोषणा पत्र नहीं बल्कि कर्तव्य पत्र होगा। कांग्रेस पार्टी अपने कर्तव्य पत्र में लिखे एक-एक शब्द को अक्षरक्ष: से लागू करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकारी कर्मचारियों के हित के लिए काम करने वाली पार्टी है और सत्ता में आते ही सरकारी कर्मचारियों के हर हित का ध्यान रखा जाएगा।

